Headlines

राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को लिखा पत्र – इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ में उठा शिक्षक भर्ती का मुद्दा अब राष्ट्रीय स्तर पर गूँजा

इंदौर, 05 अक्टूबर 2026। पूर्व शहर कांग्रेस महामंत्री राजेश जैन दद्दू ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष लोक सभा श्री राहुल गांधी जी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी को पत्र लिखकर शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग को गंभीरता से उठाया है।

श्री दद्दू ने बताया कि यह पत्र 29 सितम्बर 2026 को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद लिखा गया है, जहाँ शिक्षक अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में पदवृद्धि का मुद्दा राहुल जी के समक्ष उठाया था।

पत्र की मुख्य बातें –

राहुल जी ने पत्र में लिखा है कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली हैं और इसका सीधा असर हमारे बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के केवल 13,089 और वर्ग-2 के केवल 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है।

युवा अभ्यर्थियों की मांग है कि शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा भी मिलेगी और हजारों युवाओं को पक्की नौकरी भी। कई अभ्यर्थी परीक्षा में अच्छे अंक लाए हैं, और कई अतिथि शिक्षक के रूप में पढ़ा भी रहे हैं। लेकिन सीमित पदों के कारण वे पक्की नौकरी से वंचित हैं, और इंतजार करते-करते कई आयु सीमा के करीब पहुंच चुके हैं।

हैरानी की बात है कि आज अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए ये शिक्षक अभ्यर्थी आंदोलन और भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर हैं, और तब भी इनकी बात सुनने के बजाय सरकार उन्हें नोटिस भेज कर डराने की कोशिश कर रही है।

राहुल जी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि आंदोलन पर बैठे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस तुरंत वापस लिए जाएं और उनके प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी बात सुनी जाए। सरकार वर्ग-2 एवं वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि और दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करे।

पूर्व महामंत्री राजेश जैन दद्दू ने कहा कि प्रदेश सरकार को अतिथि शिक्षकों और योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद कर तुरंत पदवृद्धि करनी चाहिए। यह युवाओं के भविष्य और बच्चों की शिक्षा दोनों का सवाल है।

– राजेश जैन दद्दू, पूर्व महामंत्री, शहर कांग्रेस, इंदौर

Please follow and like us:
Pin Share