इटावा- नगर पालिका परिषद एवं आईटीसी मिशन सुनहरा के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के अंतर्गत शुक्रवार को नगर पालिका परिषद सभागार में ‘सफाई मित्र सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया।समारोह में नगर पालिका क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सैकड़ों सफाई मित्रों एवं सफाई नायकों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर सफाई कर्मियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती ज्योति संटू गुप्ता ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा मौजूद रहे। अध्यक्ष ने कहा कि सफाई मित्र शहर के असली हीरो हैं। उनके योगदान के बिना स्वच्छ इटावा की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नगर पालिका उनके हितों के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
इस दौरान मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक एनएल कुशवाह, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक विशाल, डीपीएम सुनील कुमार तथा स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर डॉ. हरिशंकर पटेल, आलोक दीक्षित, डॉ. आशीष त्रिपाठी, सौम्या वर्मा तरुण एवं सुजीत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों को भी प्रतीक चिह्न एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडरों ने कहा कि सफाई मित्र निस्वार्थ भाव से दिन-रात शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में जुटे रहते हैं। उनके अथक प्रयासों से इटावा में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सभी सफाई मित्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में आईटीसी के क्लस्टर सुपरवाइजर विवेक सिंह, परियोजना विश्लेषक जियो स्टेट सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वच्छ भारत मिशन टीम द्वारा किया गया। समापन पर उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अंशुल, आसिफ, रोहित सहित नगर पालिका के समस्त कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा
सफाई मित्र शहर के असली हीरो, नगर पालिका ने सैकड़ों कर्मियों को किया सम्मानित

