Headlines

सफाई कर्मियों के लिए नगर पालिका ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, चेयरमैन ने बांटी पीपीई किट

इटावा। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत नगर पालिका परिषद इटावा एवं स्वच्छ भारत मिशन की ओर से सफाई कर्मियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर विशेष सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन नगर पालिका सभागार में किया गया। शिविर में सफाई मित्रों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर सफाई कर्मियों को पीपीई किट भी वितरित की गईं।‘स्वच्छता में सहभागिता—स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के तहत नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता लक्षित इकाइयों (CTU) को चिन्हित कर उनके विलोपन, सौंदर्यीकरण, वॉल पेंटिंग सहित स्वच्छ पाठशाला, स्वच्छता से समृद्धि, जनभागीदारी, स्वच्छ बाजार और स्वच्छ मोहल्ला जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद की चेयरमैन ज्योति संटू गुप्ता ने सफाई कर्मियों को पीपीई किट वितरित करते हुए कहा कि पालिका के किसी भी सफाई कर्मचारी को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी आती है तो वह उनसे सीधे संपर्क कर सकता है। उन्होंने सफाई कर्मियों की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा ने शिविर में मौजूद सफाई कर्मियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना और ‘नमस्ते’ योजना के तहत आयुष्मान कार्ड सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं।
स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर डॉ. हरिशंकर पटेल ने सफाई कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज के स्वास्थ्य की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।स्वास्थ्य शिविर में जिला चिकित्सालय के डॉ. गौरव यादव (एमओ), यतेन्द्र यादव (चीफ फार्मेसिस्ट), धर्मेंद्र सिंह (वार्ड बॉय) एवं सुरेश चंद्र मौजूद रहे। चिकित्सकों ने सफाई कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।
इस अवसर पर मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक नथ्थीलाल कुशवाहा, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक विशाल मिश्रा, स्वच्छ भारत मिशन के डीपीएम सुनील कुमार, परियोजना विश्लेषक विवेक, सुपरवाइजर रजनीश राठौर, विशाल एवं चंद्रशेखर सहित अंशुल, आसिफ, रोहित तथा नगर पालिका के सफाई कर्मचारी एवं स्टाफ मौजूद रहा।

Please follow and like us:
Pin Share