Headlines

डीएम ने बैठक में दिए विद्यालयी बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश दुर्घटना वाले मार्गों में जागरूकता अभियान चलाया जाए – एसएसपी

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को स्कूटी अथवा मोटरसाइकिल चलाने की अनुमति न दें और न ही उन्हें इन वाहनों से असुरक्षित तरीके से विद्यालय भेजें। बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यातायात नियमों का पालन कराकर दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में चिन्हित 14 ब्लैक स्पॉट पर की गई कार्रवाई की पुनः समीक्षा की जाए तथा यह देखा जाए कि कार्रवाई के बाद भी वहां कोई दुर्घटना तो नहीं हुई। जिन स्थानों पर दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां साइन बोर्ड, चेतावनी बोर्ड, स्पीड लिमिट, हेलमेट एवं अन्य आवश्यक यातायात संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि केवल कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर स्थायी एवं प्रभावी सुरक्षात्मक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अगस्त माह में कुल 20 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हुई जिसमें नेशनल हाईवे पर 10, एमडीआर पर 6 तथा एक्सप्रेसवे पर 2 मौतें हुई हैं। जनवरी 2026 से अब तक जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कुल 202 लोगों की मृत्यु हुई है। जिलाधिकारी ने दुर्घटना बाहुल्य स्थलों का गहन विश्लेषण कर वहां आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए जाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि दुर्घटना वाले मार्गों एवं गांवों को चिन्हित कर वहां विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। आसपास के 2-4 गांवों के लोगों को एकत्र कर यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रत्येक बस के गंतव्य की ओर रवाना होने से पहले यात्रियों को जहरखुरानी से बचाव के संबंध में आवश्यक सावधानियां बताई जाएं। यात्रियों को विशेष रूप से यह जानकारी दी जाए कि अपरिचित व्यक्ति द्वारा दी गई खाद्य अथवा पेय सामग्री का सेवन न करें। बैठक में आईएएस कोमल पुनिया, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, एआरटीओ प्रदीप देशमणि, लोक निर्माण विभाग तथा एनएचआई के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share