इटावा। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने की। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर विभिन्न विभागों की कार्ययोजना और अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।बैठक में विगत अवधि में जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत विश्लेषण किया गया। दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही, सड़क सुरक्षा अधोसंरचना, चेतावनी एवं दिशा-सूचक संकेतक, स्पीड लिमिट बोर्ड, रोड मार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्लेक्टर और स्ट्रीट लाइट समेत अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा हुई।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, परिवहन विभाग, नगर निकाय और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने यातायात पुलिस और थाना पुलिस को संयुक्त रूप से नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग, गलत दिशा में वाहन संचालन और ओवरलोडिंग समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करने पर जोर दिया।उन्होंने प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन को और मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।जिलाधिकारी ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।बैठक के अंत में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं नगर निकाय सहित संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनपद में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

