इटावा। मंडलीय कला उत्सव प्रतियोगिता में नारायण कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स के कक्षा-11 के प्रतिभाशाली छात्र तेजस ने संगीत (वादन) के एकल वाद्य वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
कला उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चुन्नीगंज कानपुर में किया गया जिसमें विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में तेजस ने अपने उत्कृष्ट वादन और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि से पहले भी तेजस ने जनपद स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया और मंडल स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। तेजस की इस सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेन्द्र शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि और पसंद के क्षेत्र में निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को सही दिशा और निरंतर अभ्यास के माध्यम से निखारा जा सकता है। विद्यार्थियों को तेजस की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर अपने हुनर को पहचानना चाहिए। तेजस की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों ने उन्हें बधाई दी।
नारायन कालेज के छात्र तेजस ने बांसुरी वादन में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम किया रोशन

