इटावा। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर पार्टी सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है। अभियान के तहत जिले में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम होगा। इसमें खास नाट्य मंचन के जरिए प्रधानमंत्री की 25 साल की सार्वजनिक जीवन यात्रा दिखाई जाएगी।
भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में अन्नू गुप्ता ने बताया कि नाट्य प्रस्तुति में नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा दिखाई जाएगी। इसमें बातचीत, अभिनय, संगीत और दमदार मंचन का इस्तेमाल होगा। सेवा, समर्पण, जनकल्याण, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कई किस्से मंच पर दिखाए जाएंगे। कला और अभिनय के माध्यम से पीएम मोदी की सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। नमो सेवा-अनकही कहानियाँ कार्यक्रम के तहत जनपद में 90 कार्यक्रम का लक्ष्य तय किया गया हैं। जिसके तहत जनपद की प्रत्येक विधानसभा में 30 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें प्रत्येक विधानसभा में एक बड़ा दिव्य व भव्य नाट्य मंचन कार्यक्रम विधानसभा स्तर पर आयोजित किया जाएगा। बाकी विधानसभा के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के लोक-कल्याणकारी योजनाओं को नाट्य मंचन के द्वारा जनता तक पहुंचाया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों सहित अन्य सार्वजनिक जगहों पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । इससे लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। पार्टी का मकसद सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, जिला महामंत्री जितेंद्र गौड़, कार्यक्रम संयोजक व जिला मंत्री अभिषेक मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी रोहित शाक्य, सह मीडिया प्रभारी अंकित सैनी व प्रभात तिवारी उपस्थिति रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत होगा नमो सेवा-अनकही कहानियां कार्यक्रम – जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता

