इटावा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना से संबंधित कार्यों के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यकम जिला स्तरीय अधिकारियों, चार्ज स्तरीय अधिकारियों को प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के समापन पर जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक जिलाधिकारी प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम व बैठक में जिला जनगणना प्रभारी पुलकिता शर्मा एवं जिला मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार शर्मा ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के दौरान किए जाने वाले कार्यों, अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारियों तथा जनगणना से संबंधित विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संकलित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित की जाएगी। इसके बाद जनसंख्या गणना का कार्य एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। छूटे हुए परिवारों अथवा आवश्यक संशोधनों के लिए रिवाइज राउंड 5 जनवरी से 9 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनगणना के लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। द्वितीय चरण के दौरान प्रत्येक घर के सभी पारिवारिक सदस्यों का विवरण निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति के संबंध में कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसमें व्यक्ति का नाम, आयु, पता, शिक्षा, रोजगार, निशक्तता सहित अन्य आवश्यक व्यक्तिगत एवं पारिवारिक विवरण शामिल होंगे। जिलाधिकारी व प्रमुख जनगणना अधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के दौरान प्रत्येक परिवार से आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक और निर्धारित मानकों के अनुरूप प्राप्त की जाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी जनगणना, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी तथा सभी चार्ज के जनगणना लिपिक एवं तकनीकी सहायकों ने प्रतिभाग किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों को दिया गया जनगणना का प्रशिक्षण

