Headlines

जिलाधिकारी ने की बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जीरो पॉवर्टी अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, बीबीजी रामजी योजना, गौशाला एवं डिजिटल लाइब्रेरी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
डिजिटल लाइब्रेरी की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शासनादेश एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। विद्यार्थियों के लिए वर्तमान समय में उपयोगी एवं नवीनतम पुस्तकों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में 117 डिजिटल लाइब्रेरियां हैं, जिनका 25 सितंबर को उद्घाटन होना है। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गांवों में घर-घर कूड़ा एकत्र करने वाली गाड़ियों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। गौशालाओं में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर किया जाए। जहां गंदगी है वहां विशेष अभियान चलाकर सफाई कराई जाए। सभी गौशालाओं में गोवंश के लिए दाना, हरा चारा एवं पर्याप्त भरण-पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बीबीजी रामजी योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के अधिकांश कार्य जल संरक्षण एवं जनहित से जुड़े हैं। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को ग्राम स्तर पर बैठकें आयोजित कर आवश्यक एवं उपयोगी कार्यों का चिन्हांकन कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन केवल कागजी प्रगति तक सीमित न रहे, बल्कि उसका स्पष्ट प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आईएएस कोमल पुनिया, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, डीपीआरओ रोहित कुमार, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share