इटावा। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील जसवंतनगर में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। सीडीओ एवं एसपी सिटी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक प्रकरण की जांच नियमानुसार करते हुए शिकायतकर्ता को न्यायोचित समाधान उपलब्ध कराया जाए।अधिकारियों ने कहा कि जनसमस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही संबंधित फरियादी को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।इस दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जसवंतनगर तहसील में सीडीओ-एसपी सिटी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

