इटावा। जनपद के विभिन्न विद्यालयों में शनिवार को गायत्री परिवार के तत्वावधान में ‘भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा’ का आयोजन किया गया। परीक्षा में जिले के 67 विद्यालयों के 5000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।जिला संयोजक राजीव सक्सेना ने बताया कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन देशभर में विभिन्न भाषाओं में किया जाता है। परीक्षा का उद्देश्य ‘शिक्षा के साथ विद्या भी’ की भावना को विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं में भारतीय संस्कृति के मूल्यों तथा दया, प्रेम, करुणा, परोपकार और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ जैसे मानवीय भावों को जागृत करने का प्रयास किया जाता है।उन्होंने कहा कि ऐसी परीक्षाएं विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जिला संयोजक ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में 67 विद्यालयों के 5000 से अधिक विद्यार्थी हुए शामिल

