Headlines

अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को दिए दिशानिर्देश

इटावा। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, थानाध्यक्षों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी की। इस दौरान एसएसपी ने अपराधों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।गोष्ठी में जनपद में घटित अपराधों की समीक्षा के साथ उनकी रोकथाम तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।उन्होंने आईजीआरएस एवं जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए फरियादियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखें। संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखते हुए अपराध की रोकथाम के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रहे।अपराध गोष्ठी के प्रारंभ में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं और आवश्यकताओं को सुना तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share