Headlines

पुलिस लाइन में एसएसपी ने परेड की ली सलामी, किया निरीक्षण पुलिसकर्मियों ने लगाई दौड़, टोलीवार ड्रिल के साथ कराए गए शारीरिक व्यायाम

इटावा। रिजर्व पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली। परेड के उपरांत उन्होंने पुलिस लाइन का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से दौड़ लगवाई गई। इसके साथ ही अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल कराई गई। परेड में पुलिस लाइन के साथ-साथ विभिन्न कार्यालयों में नियुक्त पुलिसकर्मियों ने भी प्रतिभाग किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से विभिन्न प्रकार के शारीरिक व्यायाम कराए गए।
इसके बाद एसएसपी ने यूपी-112 के पीआरवी वाहनों का निरीक्षण किया। वाहनों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरण, फर्स्ट एड किट तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की जांच की गई। उन्होंने उपकरणों की नियमित साफ-सफाई, समुचित रखरखाव एवं कुशल संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने पुलिस लाइन स्थित मेस का भी निरीक्षण किया। इसके बाद एमटी शाखा में वाहनों की स्थिति, रखरखाव, अभिलेखों एवं आवश्यक उपकरणों की जांच की गई। इस दौरान उन्होंने फायर सर्विस कार्यालय, बैडमिंटन हॉल, जिम, पुलिस क्लब, पुलिस लाइन परिसर एवं आवासीय परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परेड के उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन आदेश कक्ष में विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया।

Please follow and like us:
Pin Share