Headlines

जिस आंगन ने सपनों को पंख दिए, वहीं फिर जुटेंगे 200 पूर्व छात्र

ग्वालियर। कभी इसी परिसर में आंखों में भविष्य के सपने और मन में कुछ कर गुजरने का संकल्प लेकर कदम रखने वाले विद्यार्थी अब वर्षों बाद उसी आंगन में लौटेंगे। फर्क सिर्फ इतना होगा कि तब वे सीखने आए थे और अब अपने अनुभवों से नई पीढ़ी को राह दिखाने आएंगे। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के 19वें स्थापना दिवस पर पहली बार बड़े स्तर पर आयोजित होने जा रही एल्युमिनी मीट में करीब 200 पूर्व छात्र एक साथ जुटेंगे। यह मिलन केवल पुरानी यादों को ताजा करने का अवसर नहीं होगा, बल्कि पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच अनुभव और सपनों को जोड़ने वाला सेतु भी बनेगा।
19 अगस्त को होने वाले स्थापना दिवस समारोह में पूर्व विद्यार्थी अपने शैक्षणिक, व्यावसायिक और जीवन के अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे। वे छात्रों को शिक्षा के साथ रोजगार, शोध, प्रतियोगी अवसरों और करियर की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देंगे। वर्षों बाद अपने पुराने साथियों और विश्वविद्यालय से जुड़ने का यह अवसर पूर्व छात्रों के लिए भी भावनात्मक होगा।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सचिव डेयर, आईसीएआर एवं चेयरमैन पीपीवीएफआरए डॉ. त्रिलोचन महापात्रा तथा विशिष्ट अतिथि तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना के कुलपति डॉ. किशन यादव होंगे। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
तैयारियों को लेकर कुलपति ने ली जानकारी
स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरविंद कुमार शुक्ला ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने एल्युमिनी मीट सहित समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। कुलपति ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ आयोजन को गरिमापूर्ण, भव्य और व्यवस्थित बनाने को कहा।
यादों से निकलेगी भविष्य की राह
एल्युमिनी मीट का सबसे खास पहलू यह होगा कि विश्वविद्यालय की दो पीढ़ियां एक साथ बैठेंगी। एक ओर वे पूर्व विद्यार्थी होंगे, जिन्होंने इसी संस्थान से शिक्षा लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में पहचान बनाई है, तो दूसरी ओर वर्तमान विद्यार्थी होंगे, जो अपने भविष्य की राह तलाश रहे हैं। पूर्व छात्रों के अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेंगे और यह मुलाकात विश्वविद्यालय से जुड़े रिश्तों को नई मजबूती देगी।

Please follow and like us:
Pin Share