Headlines

कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन का अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन, भरथना चौराहे पर चला बुलडोजर

इटावा। सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को भरथना चौराहे पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया और व्यापारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी।

शासन के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर सिंह एवं सीओ सिटी अवनीश कुमार भारी पुलिस बल और नगर पालिका की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अभियान के दौरान दुकानों के बाहर रखे गए सामान को हटाया गया तथा नगर पालिका ने अतिक्रमण किए गए सामान को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई से सड़क मार्ग को चौड़ा किया गया ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि इसी प्रकार नगर पालिका चौराहा, तहसील चौराहा, साबितगंज चौराहा, कांजी पेट्रोल पंप, पक्की सराय मार्ग और चूड़ी बाजार सहित अन्य प्रमुख मार्गों से भी अतिक्रमण हटाया जाए। उनका कहना है कि इन्हीं रास्तों से बड़ी संख्या में कांवड़िए मध्य प्रदेश की सीमा की ओर जाते हैं और प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचते हैं।

नगरवासियों का कहना है कि इन मार्गों पर अतिक्रमण और थ्री-व्हीलर वाहनों के अत्यधिक संचालन के कारण अक्सर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने, थ्री-व्हीलर वाहनों का रूट डायवर्ट करने तथा नियमित पुलिस और ट्रैफिक ड्यूटी लगाने की भी मांग की।

व्यापारी नेताओं ने भी कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए। उनका कहना है कि किसी भी रसूखदार को संरक्षण न मिले और सभी के विरुद्ध समान रूप से कार्रवाई की जाए, तभी अभियान का उद्देश्य सफल होगा।

Please follow and like us:
Pin Share