इटावा-श्री दिगंबर जैन नया शहर जैन मंदिर में आयोजित श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के दिन मुनि श्री 108 विशल्य सागर महाराज के सानिध्य में श्रद्धापूर्वक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
प्रथम शांतिधारा का सौभाग्य श्री दिगंबर जैन विकास समिति के प्रदेश महामंत्री धर्मेंद्र जैन तथा द्वितीय शांतिधारा का सौभाग्य अभिषेक जैन को प्राप्त हुआ। मुनि श्री ने अपने मंगल प्रवचनों के बीच शांतिधारा कराई, जबकि पादप्रक्षालन का सौभाग्य श्रीमती चंद्रकला जैन, अजीत कुमार जैन एवं धर्मेंद्र जैन परिवार को मिला।
प्रतिष्ठाचार्य पंडित संजय शास्त्री के निर्देशन में अर्घ्य समर्पित कर विश्व शांति की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने अष्टद्रव्य से भगवान की पूजा-अर्चना की। महिला मंडल की अध्यक्ष बेबी जैन एवं समिति अध्यक्ष सुदर्शन जैन ने बताया कि विधान का समापन 29 जुलाई को विश्व शांति महायज्ञ के साथ होगा।
सिद्धचक्र महामंडल विधान में अर्घ्य समर्पित कर की गई विश्व शांति की प्रार्थना

