ग्वालियर – ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है इसी तारतम्य में 11जुलाई विश्व जनसंख्या दिवस पर सीएमएचओ कार्यालय में संगोष्ठी आयोजित की गई ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एम.एस. सागर ने विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सीएमएचओ कार्यालय में शनिवार को आयोजित संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि सभी को अपने परिवार को सीमित करना है सीमित और आने वाली पीढ़ी (बच्चों) को अच्छा स्वास्थ्य और शिक्षा देना है उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों एवं आशा कार्यकर्ताओं से कहा कि जब आप आमजन के बीच जायें तो इस बात को बेहतर व स्थानीय भाषा में बतायें। जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ. जीएस राजपूत ने भी अपने विचार व्यक्त किए, इसके बाद स्टाप डायरिया सह दस्तक अभियान की अन्तर्विभागीय बैठक का आयोजन भी हुआ ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला ग्वालियर डॉक्टर एम.एस.सागर ने बताया कि माह जुलाई में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक स्टाप डायरिया सह दस्तक अभियान प्रथम चरण चलाया जाएगा जिसमें 5 वर्ष तक के आयु के सभी बच्चों की चिकित्सकीय जांच की जाएगी। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु दिनांक 11 जुलाई को सीएमएचओ कार्यालय के सभागार में अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के शहरी क्षेत्र के सीडीपीओ उपस्थित रहे। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.राम कुमार गुप्ता ने बताया कि दस्तक अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों में गंभीर कुपोषण, एनीमिया, निमोनिया, डिहाइड्रेशन (निर्जलीकरण )संक्रमण की पहचान, त्वरित उपचार और आवश्यकतानुसार रेफरल के साथ साथ विटामिन ए का घोल पिलाया जाएगा व 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आईएफए (IFA)अभियान के दौरान घर घर भ्रमण कर 5 साल तक के बच्चों को प्रति बच्चों के मान से 2 ओ आर एस एवं 14 ज़िंक टेबलेट दी जाएंगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम एस सागर ने उक्त अभियान की सफलता के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी के द्वारा भी भ्रमण कर दस्तक मानिटरिंग टूल में एंट्री किये जाने को कहा।
विश्व जनसंख्या दिवस पर सीएमएचओ कार्यालय में हुई संगोष्ठी

