इटावा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव गोपाल यादव के नेतृत्व में करीब नगर पालिका सभासदो, सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पहुंचे और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे समेत पांच लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की।
थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि झारखंड के गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे तथा प्रियंका राय, पी आर मानेसरिया, अखिलेश सिंह, अमित भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी अथवा संदिग्ध अकाउंट्स के माध्यम से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक, भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री पोस्ट एवं प्रसारित की है। सपा नेताओं का कहना है कि अयोध्या राम मंदिर में कथित चोरी और घोटाले से जुड़े मामले को लेकर सोशल मीडिया पर सुनियोजित तरीके से झूठी खबरें चलाई गईं। इन पोस्टों में दावा किया गया कि राम मंदिर प्रकरण के आरोपी टुन्नू यादव की अखिलेश यादव से सैकड़ों बार फोन पर बातचीत हुई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह खबर पूरी तरह तथ्यहीन, मनगढ़ंत और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। तहरीर में कहा गया है कि कई सोशल मीडिया अकाउंट फर्जी पहचान के साथ संचालित किए जा रहे हैं और उनके जरिए समाजवादी पार्टी तथा उसके शीर्ष नेतृत्व की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इन पोस्टों और टिप्पणियों से कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल रहा है तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। प्रदेश सचिव गोपाल यादव ने कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि धूमिल करने और झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मौके पर सपा पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील यादव, पूर्व चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू, सभासद प्रतिनिधि अरविंद यादव राहुल यादव, शिवम पाल, सभासद, अविनाश कुशवाहा, मिक्की त्रिपाठी, सचिन कठेरिया, सौम्य वर्मा आदि मौजूद रहे।
अखिलेश यादव के प्रति अभद्र टिप्पणी से सपाई नाराज, पुलिस को दी तहरीर

