इटावा। यूपी टेट-2026 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने 2, 3 एवं 4 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सीसीटीवी निगरानी, यातायात व्यवस्था, पार्किंग तथा सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। डीएम व एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित गतिविधि अथवा अव्यवस्था किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने, समय पर प्रवेश, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
यूपी टेट परीक्षा को लेकर डीएम व एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

