ग्वालियर, 31 मई 2026/ ग्वालियर जिले को नशामुक्त बनाने और भावी पीढ़ी को व्यसनों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशों के अनुपालन में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में जिले भर में नशामुक्ति के प्रति नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।
संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी संयुक्त संचालक (सामाजिक न्याय) श्री विनोद सिंह ने बताया कि जिले में विगत एक सप्ताह से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नशामुक्ति जागरूकता रथों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को तंबाकू, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। ये जागरूकता रथ ग्वालियर की सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर ऑडियो संदेशों, पंपलेट वितरण और जनसंवाद के जरिए लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित नुक्कड़ नाटकों में कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के कारण उत्पन्न होने वाली सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सजीव चित्रण किया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देने के साथ ही जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार का नशा न करने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री विनोद सिंह ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति, बल्कि परिवार और संपूर्ण समाज के लिए घातक है। उन्होंने युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के लिए जनजागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताते हुए सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री हरिओम गौतम, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीमती पूर्वी अग्रवाल, समाजसेवी श्री रामदास माहौर, श्री अमित मंडेलिया, श्री हिमांशु माहौर, श्री आदित्य बाथम एवं श्री आकाश खरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। अभियान के दौरान नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जिले को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

