सोनागिर जैन मंदिर चोरी प्रकरण के त्वरित खुलासे पर डीजीपी कैलाश मकवाणा का सम्मान

ग्वालियर-दतिया पुलिस द्वारा सोनागिर स्थित प्रसिद्ध जैन मंदिर में हुई चोरी के त्वरित खुलासे पर जैन समाज एवं तीर्थ क्षेत्र कमेटी के प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री कैलाश मकवाणा का भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर सम्मान किया।
प्रतिनिधि मंडल ने डीजीपी को स्मृति चिन्ह भेंट कर मध्यप्रदेश पुलिस, विशेष रूप से दतिया पुलिस की तत्पर, प्रभावी एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डीजीपी श्री मकवाणा ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस प्रदेशवासियों की आस्था, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की रक्षा हेतु पूर्ण निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े अपराध, संपत्ति संबंधी अपराध तथा संगठित अपराधों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने दतिया पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता, त्वरित कार्रवाई एवं प्रभावी जांच के परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
उल्लेखनीय है कि दतिया पुलिस ने सोनागिर स्थित प्रसिद्ध जैन मंदिर में हुई चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करते हुए लगभग 25 लाख रुपये मूल्य की चांदी की मूर्तियां, सिंहासन एवं अन्य सामग्री बरामद की है। साथ ही 20-20 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय शातिर चोर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जैन समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि श्री दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र सोनागिर देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। चोरी की घटना से समाज में गहरी चिंता व्याप्त हो गई थी, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अब संतोष और सुरक्षा की भावना बनी है।
प्रतिनिधि मंडल ने डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा को 3 मई को सोनागिर में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में भी आमंत्रित किया।
इस अवसर पर तीर्थ क्षेत्र कमेटी के मंत्री श्री बालचंद जैन, कोषाध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र जैन, डॉ. मुकेश जैन, मूलचंद जैन, विजय कुमार जैन, जिनेंद्र कुमार जैन सहित पत्रकार रविंद्र जैन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share