इटावा। जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) के तहत शनिवार को तहसील भरथना में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, पेंशन, राशन कार्ड, आवास और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।डीएम और एसएसपी ने एक-एक कर शिकायतकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों केअधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप तहसील दिवस का उद्देश्य आम जनता को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों का मौके पर निस्तारण संभव है, उन्हें तत्काल हल किया जाए और शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर निष्पक्ष जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।अधिकारियों ने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रगति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।इस दौरान तहसील एवं जनपद स्तरीय प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।
भरथना तहसील दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं जन समस्याएं, मौके पर निस्तारण के निर्देश

