Headlines

नशिया जी जैन मंदिर में धूमधाम से चढ़ाया भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण लाडू

इटावा। शहर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र नशिया जी में सोमवार को भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण लाडू गाजे-बाजे के साथ श्रद्धापूर्वक समर्पित किया गया। इस अवसर पर जैन साधर्मियों ने भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक की स्मृति में निर्वाण लाडू चढ़ाकर दीपावली का पर्व धार्मिक उल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया।जैन धर्म की मान्यता के अनुसार कार्तिक कृष्ण अमावस्या के दिन भगवान महावीर स्वामी ने पावापुरी में निर्वाण प्राप्त किया था। इसी पावन स्मृति में जैन समाज द्वारा दीपावली को भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण उत्सव के रूप में मनाया जाता है। श्रद्धालु इस दिन भगवान की पूजा-अर्चना कर निर्वाण लाडू समर्पित करते हैं तथा दीप प्रज्ज्वलित कर धर्म आराधना करते हैं।नशिया जी मंदिर परिसर में सुबह से ही जैन श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। धार्मिक विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ भगवान महावीर स्वामी की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ निर्वाण लाडू भगवान को समर्पित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान महावीर स्वामी के जयकारों से गूंज उठा।कार्यक्रम में मंदिर समिति के संरक्षक महेंद्र कुमार जैन, चन्द्र प्रकाश जैन, अध्यक्ष संजीव जैन (संजू ठेकेदार), वरिष्ठ उपाध्यक्ष आकाशदीप जैन, महामंत्री धर्मेंद्र जैन, कोषाध्यक्ष सुभाष चन्द्र जैन, सह कोषाध्यक्ष नवनीत जैन (बउआ), महावीर प्रसाद जैन, बोनू जैन, सुदर्शन जैन, प्रदीप जैन, अशोक जैन सहित सैकड़ों जैन साधर्मी स्त्री-पुरुष उपस्थित रहे।कार्यक्रम के पश्चात जैन स्पोर्ट्स परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया।

Please follow and like us:
Pin Share