ग्वालियर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाई जा रही है एचपीवी वैक्सीन

ग्वालियर :- कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रुचिका चौहान के मार्गदर्शन में जिले में एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमा वायरस) का टीका लगाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के 25 टीकाकरण केन्द्रों पर 14 से 15 वर्ष की आयु के बीच की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। यह 160 से अधिक देशों में एचपीवी वैक्सीन पहले से ही लगाई जा रही है, भारत में Gardasil-4 नामक टीका उपयोग में है यह टीका भारत में पिछले लगभग 15 वर्षों से निजी क्षेत्र में उपयोग किया जा रहा है साथ ही यह विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा मान्यता प्राप्त है ।
ग्वालियर जिले में अब तक कुल 5291 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जा चुका है।* सीएमएचओ डॉक्टर सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे खतरनाक कैंसर है इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा ह्यूमन पैपिलोमा वायरस एचपीवी का टीकाकरण प्रारंभ किया गया है।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा 28 फरवरी को अजमेर राजस्थान से इस टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया है, यह टीकाकरण अभियान 3 माह तक चलाया जाएगा, इस टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं जिन्होंने अपना 15 जन्मदिन नहीं मनाया है उन्हें एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य सहयोगी विभागों के द्वारा किशोरी बालिकाओं के परिजनों को
एच पी वी टीकाकरण अभियान के बारे में जानकारी दी जा रही है साथ ही जागरूकता बढ़ाने हेतु समय समय पर सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से जानकारी प्रसारित कराई जा रही है। अभिवावक अपनी बेटियों का पंजीयन यूविन पोर्टल के माध्यम से अथवा चिन्हित स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वंय जा कर भी किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण करवा सकते हैं।डॉ सचिन श्रीवास्तव ने 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं के सभी अभिवावकों से अपील की है कि वे अपनी बालिकाओं को एचपीवी का टीका अवश्य लगवायें एवं उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बिमारी से सुरक्षित बनाएं।

Please follow and like us:
Pin Share