Headlines

जसवंतनगर में लगा पिंक तहसील दिवस, डीएम-एसएसपी ने सुनीं महिलाओं की समस्याएं

इटावा। मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को तहसील जसवंतनगर में पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं, बालिकाओं और अन्य फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित पिंक तहसील दिवस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखने के लिए सहज मंच उपलब्ध कराना रहा। पुलिस और प्रशासन के समन्वय से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरती जाए और पीड़ितों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उत्पीड़न, असुरक्षा या किसी अन्य समस्या की स्थिति में पुलिस और उपलब्ध सहायता सेवाओं से संपर्क करने की अपील की गई।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share