भिण्ड 16 फरवरी 2026/ कलेक्टर भिण्ड के निर्देशानुसार जिले की ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में संकल्प से समाधान अभियान निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 12 जनवरी से प्रारंभ होकर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत जिले में नियमित रूप से शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही अधिकारी/कर्मचारी घर-घर जाकर एवं शिविर के माध्यम से आमजनों से आवेदन प्राप्त कर रहे हैं, ताकि नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जा सके।
संकल्प से समाधान अभियान के तहत आज जनपद पंचायत मेहगांव की ग्राम पंचायत मेहदौली में खण्ड स्तरीय शिविर एवं ग्रामसभा का आयोजन किया गया। जिसमें आमजनों की समस्याओं और शासन की योजनाओं का लाभ देने हेतु आवेदन प्राप्त किए गए। साथ ही कुछ पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।
कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि जिन आवेदनों का निराकरण तुरंत संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल हल किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि संकल्प से समाधान अभियान के माध्यम से शासन और जनता के बीच सेतु बनाकर समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
भिण्ड जिले में निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है संकल्प से समाधान अभियान

