“सिविल अस्पताल हजीरा में चिकित्सा की नई क्रांति” दूरबीन पद्धति से पहला आपरेशन

ग्वालियर 19 अगस्त 2025। उप नगर ग्वालियर चिकित्सा के क्षेत्र में नई क्रांति लिख रहा है। इसी कड़ी में अस्पताल चिकित्सकों ने दूरबीन पद्धति से पहला सफल ऑपरेशन संपन्न किया। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सभी चिकित्सकों को बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि उप नगर ग्वालियर में संचालित सिविल अस्पताल हजीरा ने नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के मामले राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करने के बाद मंगलवार को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इस अस्पताल में उपचाररत एक महिला रोगी का दूरबीन पद्धति द्वारा सफल आपरेशन किया गया। दरअसल ग्वालियर उप नगर के वार्ड 15 गदाईपुर निवासी रूबी राजपूत को लंबे समय से पेट में दर्द की समस्या थी। जांच में पित्त की थैली में पथरी पाई गई। जिसके बाद उसे उपचार हेतु सिविल अस्पताल हजीरा लाया गया। यहां चिकित्सकों की कुशल टीम ने दूरबीन तकनीक के जरिए रुबी का सफल ऑपरेशन कर रूबी को डिस्चार्ज किया गया।
सिविल अस्पताल में रुबी का सफल आपरेशन करने वाली चिकित्सकों की टीम में डॉ.राहुल श्रीवास्तव, डॉ.अनुपम कुलश्रेष्ठ, डॉ. कुलवेंद्र यादव, डॉ.उपेंद्र कुशवाह तथा ओटी स्टाफ नीतू और नेहा शामिल रहे। सिविल अस्पताल हजीरा के चिकित्सकों की समस्त टीम के समर्पण और दक्षता के लिए ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Please follow and like us:
Pin Share