Headlines

इटावा फाउंडेशन के आठवें सम्मान समारोह में चमकीं जनपद की विशिष्ट प्रतिभाएं

इटावा इटावा फाउंडेशन की ओर से आयोजित आठवें सम्मान समारोह में जनपद की विभिन्न प्रतिभाओं एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों को उनके-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साहित्य, कृषि, खेल, पर्यावरण संरक्षण, प्रशासन, विधि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मान प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत सरकार के पूर्व सचिव एवं इटावा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विश्वपति त्रिवेदी ने की। कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी मुख्य अतिथि तथा इटावा सदर विधायक सरिता भदौरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर डॉ. विश्वपति त्रिवेदी ने कहा कि इटावा प्रतिभाओं की धरती है। यहां विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनेक प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं, जिन्हें उचित मंच, पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना है, ताकि उनके कार्यों से दूसरे लोग भी प्रेरणा लेकर समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि समाज में उत्कृष्टता, परिश्रम, समर्पण और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजन जनपद की गौरवशाली पहचान को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए किया सम्मानित समारोह में भक्ति साहित्य के क्षेत्र में श्रीमती सुनीता दीक्षित, प्रगतिशील कृषि के लिए श्रीमती मंत्रवती, हॉकी खिलाड़ी इशिता चौधरी, रोलर स्केटिंग प्रशिक्षक अर्चना सिंह, रेडियो जॉकी सौहार्द दीक्षित, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में राजीव चौहान, आईपीएस युक्ति पांडे, जिला विद्यालय निरीक्षक औरैया कमलेश पांडे तथा वरिष्ठ अधिवक्ता शांति स्वरूप पाठक को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का सफल संचालन कुश चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद सुखदा मिश्रा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष फुरकान अहमद, संजीव अग्रवाल, देवेंद्र त्रिपाठी, सुधीर मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share