Headlines

मिशन शक्ति महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नए कानूनों के प्रति किया जागरूक

इटावा। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में महिला थाना पुलिस ने पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें आगंतुकों को महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, साइबर अपराधों से बचाव और नए आपराधिक कानूनों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों की जानकारी दी गई। साइबर अपराधों से बचाव के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की गई। साथ ही साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला थाना पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना प्रमुख रहीं। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस ने आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, वीमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी भी दी।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को शिक्षा को प्राथमिकता देने, नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और मित्रों को भी सुरक्षा, स्वास्थ्य और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित और सतर्क रहने तथा जागरूक नागरिक बनकर दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

Please follow and like us:
Pin Share