सैफई। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को सैफई में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोपहर करीब एक बजे अपने स्वजन के साथ नेताजी की समाधि पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव समेत परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे। नेताजी को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता समाधि स्थल पर पहुंचे।सैफई तहसील के सामने स्थित मुलायम सिंह यादव के निर्माणाधीन मेमोरियल परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। पूरे परिसर को समाजवादी पार्टी के रंग में सजाया गया था। जगह-जगह पार्टी के झंडे लगाए गए थे, जबकि परिसर में ‘सोशलिस्ट म्यूजियम’ लिखा बैनर भी लगाया गया था। सुबह से ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। नेताजी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर लोगों ने उनके राजनीतिक योगदान और समाजवादी विचारधारा को याद किया।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव, अक्षय यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हालांकि, सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। दिल्ली में व्यस्तता के चलते वह सैफई नहीं पहुंचे।गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर 2022 को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव सैफई में किया गया था। नेताजी की पुण्यतिथि पर प्रतिवर्ष समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचकर उन्हें नमन करते हैं।
नेताजी की चौथी पुण्यतिथि पर अखिलेश यादव ने परिवार संग समाधि पर अर्पित की पुष्पांजलि

