ग्वालियर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला ग्वालियर डॉक्टर एम एस सागर ने बताया कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सिविल अस्पताल हजीरा, ग्वालियर में हार्टफुलनेस संस्था के सहयोग से मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, कार्यशाला का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ध्यान एवं रिलैक्सेशन के माध्यम से तनावमुक्त जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईपीएस श्रीमती सुमन गुर्जर उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती स्मिता सहस्त्रबुद्धे, कुलगुरु, राजा मानसिंह संगीत एवं कला महाविद्यालय; डॉ. अमित सक्सेना, क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं; श्री रमेश भारती, वरिष्ठ प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई); तथा डॉ. कुसुमलता सिंघल, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ शामिल रहे। कार्यक्रम में डॉ. हर्ष राज सिंह, संस्था प्रभारी, तथा डॉ. जे. के. मसोरिया, प्रभारी, बिरला नगर सिविल अस्पताल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यशाला के दौरान अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, दैनिक जीवन में बढ़ते तनाव तथा उसके प्रबंधन के उपायों पर अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को संपूर्ण स्वास्थ्य का अभिन्न अंग बताते हुए नियमित ध्यान, रिलैक्सेशन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. बिंदु सिंघल ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को रिलैक्सेशन का अभ्यास करवाया तथा मुद्रा विज्ञान से परिचित कराया। उन्होंने दैनिक जीवन में तनाव प्रबंधन के लिए ध्यान एवं विश्राम के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर डॉ. रश्मि मिश्रा ने उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सिविल अस्पताल हजीरा एवं बिरला नगर सिविल अस्पताल से जुड़े चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों के साथ कदम संस्था के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने हार्टफुलनेस ध्यान को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यशाला के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने ध्यान एवं रिलैक्सेशन के अभ्यासों को जन-जन तक पहुंचाने और “तनावमुक्त मध्य प्रदेश” के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

