Headlines

किसानों ने 14 सूत्रीय मांगों को लेकर कचहरी में किया धरना प्रदर्शन

इटावा। भारतीय किसान संघ कानपुर प्रांत के तत्वावधान में किसानों की समस्याओं और उनके हितों की रक्षा को लेकर कचहरी परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत आयोजित प्रदर्शन में जनपदभर से पहुंचे किसानों ने अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और सरकार से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।आंदोलन जिला प्रभारी प्रवीण पालीवाल के मार्गदर्शन एवं जिलाध्यक्ष राहुल तोमर के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ। धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि देश का अन्नदाता अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। खेती की बढ़ती लागत, सिंचाई, बिजली और खाद से जुड़ी दिक्कतों के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई।प्रदर्शन के अंत में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों एवं किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 14 सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके अलावा अत्यधिक वर्षा के कारण नष्ट हुई धान की फसल का सर्वे एवं मूल्यांकन कर किसानों को उचित मुआवजा देने, किसानों की लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य की गारंटी देने तथा सिंचाई, बिजली और खाद से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराने की मांग की गई।इस दौरान प्रांत महिला संयोजिका सुशीला राजावत, जल प्रमुख वर्षा दुबे, जिला मंत्री रविंद्र चौहान, जिला उपाध्यक्ष चित्रा परिहार, अवनीश त्रिपाठी, चंद्रवीर चौहान, सुनील शाक्य, धीरेंद्र तोमर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share