इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा (डालसा) के अध्यक्ष रजत सिंह जैन एवं पूर्णकालिक सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी के निर्देश पर श्री शंकर धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय राहतपुर के सभागार में ‘ वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार ‘ विषय पर शिविर लगाकर उपस्थित सम्मानित वृद्धजनों को, उन्हें कानूनी, सरकारी और सामाजिक स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं, सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। वरिष्ठ अधिकार मित्र संतोष कुमार त्रिवेदी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सहायता एवं उन्हें भी गरिमापूर्ण जीवन जीने के लिए सन 2007 में ” माता पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण और कल्याण अधिनियम ” बनाया गया है, वे किसी भी तरह के उत्पीड़न पर ‘ नालसा ‘ के हेल्प लाइन नंबर 15100 तथा सरकारी टोल फ्री एल्डर लाइन नंबर 14567 पर सूचना देकर अपनी सुरक्षा एवं सुविधा पा सकते हैं। अधिकार मित्र डॉ ज्योति वर्मा ने कहा कि आज यह देखकर बड़ा दुख होता है कि अपने ही बेटे बेटियों बहुओं द्वारा की की गई उपेक्षा और उत्पीड़न से परेशान वृद्धजनों को वृद्धाश्रमों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह हमारे संस्कारों की कमी के कारण है। लेकिन ‘ डालसा ‘ प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक की सुरक्षा और सम्मान के लिए सतत प्रयासरत है, अगर आप को इससे सम्बंधित किसी सहायता की आवश्यकता हो तो संबंधित हेल्प लाइन नंबरों के अलावा अधिकार मित्रों से भी संपर्क कर सकते हैं।शिविर का संचालन अधिकार मित्र सुधीर मिश्र ने किया तथा सभी का आभार जताया।शिविर की अध्यक्षता कर रहे चिकित्सालय के निदेशक राजेंद्र कुमार दीक्षित ने कहा कि एकल परिवारों के चलन तथा महानगरों में मल्टीस्टोरी इमारतों में अकेले तन्हाई की उदासी में डूबे बुजुर्गों की मनोदशा का क्या हाल हुआ है, यह देख सुनकर बहुत चिंता और पीड़ा होती है। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद धर्मार्थ सेवा शाखा इटावा के अध्यक्ष हरिदत्त दीक्षित, पूर्व जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. जेके तिवारी, पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशल चंद्र चतुर्वेदी, योग साधक विनोद त्रिपाठी, पूर्व प्राचार्य महेश चंद्र तिवारी एवं नेत्र चिकित्सक डा. आर के एस भदौरिया ने भी विचार और सुझाव रखे। शिविर में चिकित्सालय संचालन समिति के अध्यक्ष महेश चंद्र तिवारी अलकापुरी, पूर्व प्रधानाचार्य केके यादव, धर्मार्थ सेवा शाखा के सचिव महेश कुमार बाथम, कोषाध्यक्ष सीबी मिश्रा, घनश्याम तिवारी, रनवीर सिंह गौर, रघुवीर यादव, अवधेश पचौरी, डा .आशीष दीक्षित, मुजफ्फर अली लड्डन, प्रशांत तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डालसा की ओर से शिविर लगाकर वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के बारे में दी जानकारी

