इटावा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 14 से 15 वर्ष 3 माह आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए 3 से 17 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, मुख्यमंत्री आरोग्य मेले और स्वास्थ्य उपकेंद्र स्तर पर किया जाएगा। डीएम ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को टीकाकरण से आच्छादित करने के निर्देश दिए।आशा कार्यकर्ताओं के चयन में देरी पर डीएम ने नाराजगी जताई। समीक्षा में बताया गया कि जनपद में 82 आशाओं का चयन हो चुका है, जबकि 114 पदों पर चयन शेष है। जिलाधिकारी ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शेष पदों पर चयन प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने तथा चयनित आशाओं को समय से प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
संस्थागत प्रसव की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 7,761 संस्थागत प्रसव हुए हैं, जबकि जुलाई 2026 का निर्धारित लक्ष्य 14,007 है। निजी चिकित्सालयों में जुलाई 2026 तक 1,212 प्रसव हुए। डीएम ने निजी अस्पतालों में प्रसव संबंधी सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में बताया गया कि एक अप्रैल 2026 से अब तक लाभार्थी संतृप्ति 68.49 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को प्रत्येक ब्लॉक की मासिक प्रगति की आइटमवार समीक्षा करने और कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास कर सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिला हेल्थ की-इंडिकेटर रैंकिंग में इटावा 75 जनपदों में 31वें स्थान पर है। डीएम ने स्वास्थ्य संकेतकों में और सुधार के लिए नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर दिया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बृजेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष डॉ. पारितोष शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला डॉ. अनिल कुमार, सभी एमओआईसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
14 से 17 सितंबर तक बालिकाओं का होगा HPV टीकाकरण, स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने दिए निर्देश

