Headlines

रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं, हाईवे हादसे में दो सगी बहनों की मौत

इकदिल, इटावा। रक्षाबंधन पर मायके आई विवाहिता के लिए रविवार की सुबह जिंदगी की आखिरी सुबह साबित हुई। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर तड़के तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विवाहिता निशा कुमारी (28) और उसकी छोटी बहन आशी गोयल (19) की मौत हो गई, जबकि निशा का पति नीरज गोयल और भाई आयुष घायल हो गए। बाइक पर सवार छह माह के मासूम शिवांश को मामूली चोटें आईं।
बताया गया कि ग्राम इटायली, थाना मौह, जनपद भिंड (मध्य प्रदेश) निवासी नीरज गोयल रक्षाबंधन पर पत्नी निशा और छह माह के बेटे शिवांश के साथ इकदिल स्थित अपनी ससुराल आए थे। निशा के पिता जनवेद का 14 जुलाई को कैंसर से निधन हो गया था। पर्व मनाने के बाद रविवार सुबह करीब चार बजे नीरज अपनी पत्नी, बेटे, साले आयुष गोयल (18) और साली आशी गोयल (19) के साथ बाइक से इटावा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उन्हें सुबह पांच बजे ग्वालियर जाने वाली ट्रेन पकड़नी थी।हाईवे पर गांव बीलमपुर मोड़ के सामने पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक डीसीएम में फंस गई और वाहन उसे घसीटते हुए करीब एक किलोमीटर दूर चांदनपुर ओवरब्रिज के नीचे तक ले गया। हादसे में बाइक सवार सड़क पर जा गिरे।सुबह टहलने निकले युवकों ने हादसा देखा तो तत्काल पुलिस की 112 सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना इकदिल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने निशा और आशी को मृत घोषित कर दिया। नीरज और आयुष का उपचार चल रहा है और दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मासूम शिवांश को प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
रक्षाबंधन पर मायके की खुशियां मनाने आई निशा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां गीता देवी, बहन तान्या और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में रक्षाबंधन की खुशियां थीं, वहां हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है।

Please follow and like us:
Pin Share