इटावा- रविवार को एकलव्य सिने प्रोडक्शन एवं एडविज डिजिटल (सोशल मीडिया एजेंसी) के संयुक्त तत्वावधान में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान इटावा को आने वाले समय में ‘लैंड ऑफ सिनेमा’ के रूप में विकसित करने की एक नई पहल की घोषणा की गई।प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि इटावा और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभाशाली युवाओं को फिल्म एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आने वाले समय में शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, माइक्रो वेब सीरीज़ और YouTube स्केच सहित कई तरह के प्रोजेक्ट्स का निर्माण किया जाएगा!इस अभियान की शुरुआत के तहत 20 सितंबर को एकलव्य शूटिंग अकादमी, फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा में ऑडिशन आयोजित किया जाएगा। इसमें फिल्म निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों के लिए प्रतिभाओं को तलाशा जाएगा।कार्यक्रम में एकलव्य सिने प्रोडक्शन के संस्थापक राहुल तोमर ने कहा कि इटावा में बहुत सारा हुनर मौजूद है। जरूरत है कि इस हुनर को एक मंच पर लाया जाए और उसे सही दिशा दी जाए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे प्रतिभाशाली लोगों को जोड़कर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण फिल्मों का निर्माण किया जाएगा और इसी प्रयास के माध्यम से इटावा को ‘लैंड ऑफ सिनेमा’ के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।
वहीं लपेटे में नेता जी फेम कवि अवनीश त्रिपाठी,ने भी इस पहल को इटावा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शहर में मौजूद प्रतिभाओं को एक साथ जोड़कर ऐसा माहौल तैयार किया जाना चाहिए, जहां युवा अपनी रचनात्मकता को बड़े स्तर पर प्रदर्शित कर सकें। इस फिल्म निर्माण अभियान के तहत बनने वाली पहली डॉक्यूमेंट्री डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट एक्सपर्ट अवनीश दुबे के जीवन और उनके कार्यों पर आधारित होगी।एडवीज डिजिटल सोशल मीडिया एजेंसी के संस्थापक रजत यादव एवं अमन यादव ने बताया कि आज के डिजिटल दौर में फिल्मों और सोशल मीडिया कंटेंट के माध्यम से प्रतिभाओं को बड़ी ऑडियंस तक पहुंचाना पहले से कहीं आसान हुआ है। ऐसे में इटावा के युवाओं को अपने ही शहर में एक ऐसा प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने का प्रयास है, जहां वे सीखने के साथ-साथ वास्तविक प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकें और अपनी पहचान बना सकें। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रवि, किशोर, मिथुन, निखिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा फिल्म इंडस्ट्री में आगे बढ़ने का मंच

