इटावा- आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कचहरी परिसर स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक की। बैठक में संभ्रांत नागरिकों, पुजारियों एवं धर्मगुरुओं ने भाग लिया।डीएम एवं एसएसपी ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द एवं सद्भावना के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने की अपील की गई।अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अपुष्ट खबर या पोस्ट को बिना सत्यापन के साझा अथवा अग्रसारित न करें। त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की भी अपेक्षा की गई।बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र, क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्ष सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, डीएम-एसएसपी ने सौहार्द बनाए रखने की अपील

