इटावा। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच यमुना तलहटी क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब एक बजे मिट्टी की करार अचानक गिरने से दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए। करार का मलबा मकानों पर गिरने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।हादसे में संजय शर्मा (30) और उनका 11 वर्षीय पुत्र रोहन शर्मा घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने दोनों को भर्ती कर उपचार किया, जिसके बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण मिट्टी की करार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है, हालांकि खबर लिखे जाने तक प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचने की जानकारी नहीं मिली थी। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।
भारी बारिश में यमुना तलहटी में मिट्टी की करार गिरी, दो मकान क्षतिग्रस्त; पिता-पुत्र घायल

