इटावा। बाल श्रम, भिक्षावृत्ति एवं मानव तस्करी के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन रक्षा के तहत शनिवार को सघन अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में श्रम विभाग और थाना एएचटी पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना बसरेहर क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर चेकिंग की।संयुक्त टीम ने दुकानों, प्रतिष्ठानों, गैराज, होटल, ढाबे, मार्केट, मेडिकल स्टोर, बेकरी समेत अन्य स्थानों पर पहुंचकर बाल एवं किशोर श्रमिकों के संबंध में जानकारी जुटाई। साथ ही बाल श्रम की रोकथाम, भिक्षावृत्ति एवं मानव तस्करी से जुड़े अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।अभियान के दौरान दुकानदारों और आमजन को बच्चों से बाल श्रम न कराने तथा उन्हें भिक्षावृत्ति में न लगाने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।पुलिस के अनुसार बच्चों के संरक्षण, मानव तस्करी की रोकथाम और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए ऑपरेशन रक्षा अभियान लगातार जारी रहेगा।
ऑपरेशन रक्षा के तहत बाल श्रम और मानव तस्करी के खिलाफ चला सघन अभियान

