इटावा। सोने-चांदी के बाजार में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव और अप्रत्याशित भाव को देखते हुए इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (इब्जा) इटावा ने ग्राहकों एवं सर्राफा कारोबारियों के हित में ज्वैलरी बुकिंग को लेकर नए नियम एवं दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव बोर्ड बैठक में विचार-विमर्श के बाद तय किए गए इन नियमों को सभी संबंधित सर्राफा प्रतिष्ठानों पर प्रदर्शित किया गया है।इब्जा इटावा के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, महामंत्री राजीव चंदेल तथा इब्जा इमरजेंसी कमेटी उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह-प्रभारी आकाशदीप जैन ने बताया कि नए दिशा-निर्देशों का उद्देश्य ग्राहकों और कारोबारियों के बीच ज्वैलरी बुकिंग को लेकर स्पष्टता बनाए रखना तथा बदलते बाजार भाव के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित असमंजस की स्थिति को कम करना है।जारी नियमों के अनुसार, ज्वैलरी की डिलीवरी के दिन का प्रचलित बाजार भाव मान्य होगा। बुकिंग के समय दिए गए एडवांस की स्थिति में, यदि राशि 30 प्रतिशत से अधिक है तो उक्त धनराशि का भाव बुकिंग वाले दिन का माना जाएगा, जबकि शेष राशि पर डिलीवरी वाले दिन का भाव लागू होगा।बुकिंग अधिकतम 30 दिन तक वैध रहेगी। इसके बाद रेट एवं मेकिंग चार्ज नए सिरे से तय किए जाएंगे। ज्वैलरी का अंतिम वजन इलेक्ट्रॉनिक कांटे के अनुसार निर्धारित होगा और अनुमानित वजन में लगभग 10 प्रतिशत तक अंतर संभव रहेगा।बुकिंग रद्द करने की स्थिति में जमा धनराशि में से 2 प्रतिशत राशि काटकर शेष राशि वापस किए जाने का नियम निर्धारित किया गया है। वहीं बुकिंग के समय निर्धारित मेकिंग चार्ज में बाद में बदलाव नहीं किया जाएगा।एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि ग्राहकों को दिए जाने वाले आभूषण वीआईएस हॉलमार्क एवं एच यू आई डी के साथ उपलब्ध कराए जाएंगे।इब्जा पदाधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि सोने-चांदी की ज्वैलरी बुक कराने से पूर्व प्रतिष्ठान पर प्रदर्शित नियम एवं शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और बुकिंग से संबंधित सभी शर्तों की जानकारी प्राप्त करने के बाद ही बुकिंग करें। एसोसिएशन का कहना है कि बदलते बाजार भाव के दौर में स्पष्ट नियमों से ग्राहक और कारोबारी दोनों के हितों की बेहतर सुरक्षा हो सकेगी।
इब्जा इटावा ने सोने-चांदी की ज्वैलरी बुकिंग के लिए जारी किए नए दिशा-निर्देश

