Headlines

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल की तैयारी

इटावा। संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस की राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर की चार सदस्यीय प्रेक्षक टीम बुधवार को इटावा पहुंची। एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण ओझा, पीसीसी ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान, मदनमोहन शुक्ला तथा पंजाब कांग्रेस कमेटी के महामंत्री वरिंदर सिंह दिल्ली से स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस से इटावा पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।इसके बाद कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान एआईसीसी ऑब्जर्वर रामकृष्ण ओझा ने संगठन सृजन अभियान के तहत पूरे उत्तर प्रदेश में होने वाली संगठनात्मक प्रक्रिया एवं जिला अध्यक्षों के चुनाव को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश के सभी जनपदों में नए जिला अध्यक्षों का चयन किया जाना है।रामकृष्ण ओझा ने बताया कि प्रेक्षक टीम का इटावा में तीन से चार दिनों का प्रवास रहेगा। इसके बाद टीम दोबारा पांच दिवसीय प्रवास पर आएगी। इस दौरान जनपद के सभी शहर क्षेत्रों, विकासखंडों और बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करने का प्रयास किया जाएगा। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की राय जानने के बाद संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए रामकृष्ण ओझा ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में सांप्रदायिकता और नफरत का माहौल बढ़ रहा है तथा लोगों का लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक व्यवस्थाओं से विश्वास कमजोर होना चिंता का विषय है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की बड़ी नाकामी बताया।उन्होंने कहा कि आज देश के छात्र, नौजवान, बेरोजगार, महिलाएं तथा शोषित-वंचित और गरीब वर्ग कांग्रेस में अपना भविष्य देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जननायक राहुल गांधी इन वर्गों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरे हैं। आने वाला समय कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि लेकर आएगा।प्रेस वार्ता के बाद जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित एवं शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद के संयुक्त नेतृत्व में संगठन सृजन अभियान के प्रेक्षकों ने जनपद के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की आवश्यक बैठक ली। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Please follow and like us:
Pin Share