इटावा। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी कैमरों की मदद से लापता 10 वर्षीय बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों तक पहुंचाने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार 17 अगस्त को कृष्णा कलां किड्स स्कूल, भरथना चौराहा से राघव उर्फ शिवांग प्रताप (10) स्कूल की छुट्टी के बाद बिना बताए कहीं चला गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। टीम ने स्कूल से आसपास के गली-मोहल्लों, चौराहों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन तक करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।फुटेज में बालक स्कूल बैग लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने देर रात करीब एक बजे तक लगातार तलाश जारी रखते हुए जीआरपी और आरपीएफ को भी सूचना दी। इसके बाद जानकारी मिली कि बालक ट्रेन से दिल्ली पहुंच गया है और थाना कश्मीरी गेट क्षेत्र में है।
फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन दिल्ली पहुंचे और बालक को सकुशल घर ले आए। बालक के मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तत्परता और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी मॉनिटरिंग की सराहना की।तकनीक और मानवीय संवेदनशीलता के बेहतर समन्वय से पुलिस ने लापता बालक को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया।
पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र से लापता 10 वर्षीय बालक सकुशल बरामद

