Headlines

इटावा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रजत सिंह जैन एवं सचिव आरती द्विवेदी के निर्देशानुसार गुरुवार को श्री शीतल प्रसाद शोरावाल बालिका इंटर कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) बृजेश सिंह, डॉ. ज्योति वर्मा एवं मनीष कुमार ने छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं मीडिएशन की उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्रदान की।पीएलवी बृजेश सिंह ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं असहाय लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही समय-समय पर स्थायी लोक अदालतों का आयोजन कर लोगों को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास किया जाता है।पीएलवी डॉ. ज्योति वर्मा ने मीडिएशन (मध्यस्थता) की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह अदालत के बाहर आपसी सहमति से विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करने का प्रभावी माध्यम है। इसमें निष्पक्ष मध्यस्थ दोनों पक्षों को बातचीत के माध्यम से समझौते तक पहुंचने में सहायता करता है। उन्होंने कहा कि मीडिएशन की पूरी प्रक्रिया गोपनीय होती है तथा इससे समय और धन की बचत होने के साथ पारिवारिक संबंध भी सुरक्षित रहते हैं।पीएलवी मनीष कुमार ने लोक अदालत, मध्यस्थता एवं विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं और नागरिकों के कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। शिविर के दौरान छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।

Please follow and like us:
Pin Share