Headlines

मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय प्रकरण को लेकर AIMIM ने राष्ट्रपति, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

इटावा।ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) इटावा इकाई ने सोमवार को जिलाध्यक्ष डॉ. शमशाद हुसैन वारसी के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी इटावा के माध्यम से संयुक्त ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर से जुड़े प्रकरण में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। पार्टी का कहना है कि विश्वविद्यालय एक मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थान है और किसी भी प्रशासनिक अथवा विधिक कार्रवाई का प्रतिकूल प्रभाव विद्यार्थियों की शिक्षा, परीक्षाओं, शोध कार्य एवं भविष्य पर नहीं पड़ना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है तथा सक्षम अपीलीय प्राधिकारी द्वारा ध्वस्तीकरण आदेश पर अंतरिम रोक लगाए जाने का हवाला देते हुए अंतिम न्यायिक निर्णय आने तक ऐसी कोई कार्रवाई न किए जाने की मांग की गई, जिससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हों।
AIMIM ने अपने ज्ञापन में संविधान, कानून के शासन और न्यायपालिका के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि यदि भूमि, निर्माण अथवा प्रशासनिक प्रक्रिया से संबंधित कोई विवाद है तो उसका समाधान विधिसम्मत एवं न्यायिक प्रक्रिया के तहत किया जाए तथा विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
जिलाध्यक्ष डॉ. शमशाद हुसैन वारसी ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य किसी भी न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप समाधान निकालने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस दौरान मोहम्मद सलमान, आसिफ़ फारूकी, अजय प्रताप सिंह कुशवाह, एहसान खान, मोहम्मद शावेज़ राइन, इमरान खान, रईसुद्दीन राइन, शहवाज खान, शादान अली, शीश अंसारी, फैज फारूकी, इमरान ओवैसी, अदनान अली, अदनान खान, मोहम्मद राजा, अरबाज अब्बासी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share