जसवंतनगर- गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे मौदा से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस धौलपुर खेड़ा ओवरब्रिज पर हादसे का शिकार हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई।हादसे के समय बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में करीब 15 से 20 यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गया तथा घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी यात्री की जान नहीं गई। चिकित्सकों ने सभी घायलों का उपचार कर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।दुर्घटना की सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सड़क पर पलटी बस को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन मंगाई गई, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।पुलिस के अनुसार मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और कानून-व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं हुई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर चालक को नींद आने से बस अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।
धौलपुर खेड़ा ओवरब्रिज पर स्लीपर बस पलटी, 15 से 20 यात्री घायल; बड़ा हादसा टला

