इटावा।सोसाइटी फॉर कंजर्वेशन ऑफ़ नेचर एवं परिवर्तन समिति के संयुक्त तत्वावधान में क्रांति दिवस के अवसर पर कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया के स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं नेचर वॉक का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर डॉ. डी.के. दुबे, डॉ. बी. एन. सिंह, डॉ. राजीव चौहान, डॉ. कमल कुशवाह एवं डॉ. अत्री गुप्ता ने नेचर वॉक का नेतृत्व किया। इसी के साथ ही राज्य सलाहकार, पंचयतीराज विभाग संजय सिंह चौहान ने बताया कि समाधि स्थल पर श्रद्धा स्वरूप पुष्पांजलि अर्पित करते हुए देश के प्रति उनके द्वारा किए गए महान कार्यों को याद किया गया। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता आंदोलन, महात्मा गांधी, बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा कमांडर अर्जुन सिंह जैसे महान व्यक्तित्वों के संघर्षों और बलिदानों के कारण ही आज हमें स्वतंत्रत देश में समानता का वैधानिक अधिकार लोकतांत्रिक व्यवस्था में संपूर्णता के साथ प्राप्त है। देश की नयी पीढ़ी में समानता और न्याय की चेतना इन्हीं त्यागों के परिणाम स्वरूप मिली है।
डॉ. राजीव चौहान ने कहा कि लगातार आयोजित किए जा रहे नेचर वॉक से दुर्लभ एवं अद्भुत पक्षियों तथा पौधों की उपयोगिता का आभास हो रहा है जो हमारे जीवन और पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाधि स्थल के आसपास स्थित वन्य क्षेत्र में अनेक प्रकार के पेड़ पौधों एवं पक्षियों की नई प्रजातियाँ जैसे ब्रोंज विंग, जैकोबिन, व्हाइट ट्रॉटेड, किंगफिशर तथा लेज़र विसलिंग टील देखी गईं। वहीं तालाब क्षेत्र में जलकुंभी, एल्गी एवं अन्य जलीय पौधों की विविध प्रजातियाँ भी पाई गईं।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सम्मानित ग्रामीणों अर्जुन, मुकेश, रश्मि पुरवार और पृथ्वीराज का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में इस सार्थक पहल के लिए साधुवाद दिया गया तथा यह संकल्प लिया गया कि गाँव की सुंदरता, हरियाली और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण हेतु ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
अगस्त क्रांति दिवस पर कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया को किया याद

