कानपुर। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर परकल्याणपुर-बिठूर रोड स्थित बैकुंठपुर के श्री श्री जगन्नाथ मंदिर से भगवान जगन्नाथ, बलराम एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने रस्सियां खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया और पूरा मार्ग “जय जगन्नाथ” के जयघोष, हरिनाम संकीर्तन एवं भजन-कीर्तन से गुंजायमान रहा।
रथयात्रा का शुभारंभ पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। एसीपी कल्याणपुर ने नारियल फोड़कर यात्रा को रवाना किया। यात्रा बैकुंठपुर स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर बैरी स्थित दुर्गा मंदिर (मौसी माँ का घर) पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया तथा भक्तों के लिए शीतल जल और शरबत की व्यवस्था की गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल, एंबुलेंस एवं चिकित्सा दल तैनात रहा।
मंदिर समिति के अनुसार भगवान जगन्नाथ 24 जुलाई तक मौसी माँ के घर भक्तों को दर्शन देंगे। इसके बाद 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा के साथ रथ पुनः मंदिर लौटेगा और 27 जुलाई को भगवान का विधिवत पुनः मंदिर में विराजमान कराया जाएगा।
भक्ति और उल्लास के बीच निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ

