सैफई। महिला शिक्षक संघ के तत्वावधान में बीआरसी सैफई परिसर में पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी नवाब वर्मा की पदोन्नति पर भावभीनी विदाई एवं नवनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्रीमती कामना सिंह एवं जिला महामंत्री श्रीमती अर्चना चौधरी ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मंच संचालन ब्लॉक महामंत्री श्रीमती दीपिका सिंह ने किया। इस अवसर पर आरती राजवंश ने गीत प्रस्तुत किया, जबकि श्रीमती अंजू नारायण, श्रीमती कुसुम यादव एवं श्रीमती नेहा कुलश्रेष्ठ ने श्री नवाब वर्मा के कार्यों एवं व्यक्तित्व की सराहना की।जिला अध्यक्ष कामना सिंह एवं जिला महामंत्री अर्चना चौधरी ने नवाब वर्मा के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए नवनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार का स्वागत किया और महिला शिक्षक संघ की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।समारोह में नवाब वर्मा को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं गिरीश कुमार का आत्मीय स्वागत किया गया। अंत में ब्लॉक महामंत्री दीपिका सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में एआरपी गौरव यादव, आशुतोष शुक्ला, राहुल दुबे, इंदु चतुर्वेदी सहित महिला शिक्षक संघ की जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।
महिला शिक्षक संघ ने नवाब वर्मा को दी भावभीनी विदाई, गिरीश कुमार का किया स्वागत

