Headlines

बिजली दरों व अघोषित कटौती के विरोध में व्यापार मंडल ने डीएम को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन

इटावा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश सिंह चौहान एवं उद्योग मंच के जिला अध्यक्ष भारतेन्द्र नाथ भारद्वाज के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग की नीतियों के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
व्यापारी नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग नए-नए नियम लागू कर व्यापारियों, उद्योगों और आम उपभोक्ताओं का आर्थिक उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने बिजली मीटर की बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने, बिना सहमति बढ़ाए गए 47 लाख उपभोक्ताओं के लोड को पूर्ववत करने, अतिरिक्त सिक्योरिटी मनी की वसूली रोकने, बिजली बिलों पर लगाए जा रहे 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को समाप्त करने तथा प्रदेश में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
व्यापार मंडल का कहना है कि बढ़ती बिजली दरों और अनियमित आपूर्ति से उद्योग एवं व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। यदि बिजली विभाग का रवैया नहीं बदला गया तो प्रदेश के औद्योगिक विकास पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष कामिल कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष अशोक जाटव, हाजी हन्नान मंसूरी, महिला प्रदेश मंत्री मंजूलता द्विवेदी, संरक्षक हाजी शहंशाह वारसी, सीमा श्रीवास्तव, युवा जिला अध्यक्ष रियाज अब्बासी, शहर अध्यक्ष सुनील कुमार कुशवाहा, युवा शहर अध्यक्ष सोनू अग्रवाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share