इटावा-जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में बुधवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बैंक एवं एटीएम चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र के बैंकों और एटीएम केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बैंक प्रबंधकों एवं सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती तथा बैंक परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक और एटीएम के आसपास खड़े संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की भी सघन जांच की गई।इस दौरान आमजन को भी जागरूक करते हुए अपील की गई कि बैंक से धनराशि निकालते या जमा करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस ने बताया कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाए रखने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इटावा पुलिस का बैंक और एटीएम चेकिंग अभियान, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

